ज्ञानाश्रय की वर्कशॉप में उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में शामिल हुए विद्यार्थी - कलेक्टर से जाने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के मंत्र

Students who participated enthusiastically in the workshop of "Gyanashray" - Knowing the success of the competitive examinations from the collector

ज्ञानाश्रय की वर्कशॉप में उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में शामिल हुए विद्यार्थी - कलेक्टर से जाने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के मंत्र
रिपोर्ट। दीपक कोल्हे/अनिमेष सिंग

"ज्ञानाश्रय" की वर्कशॉप में उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में शामिल हुए विद्यार्थी - कलेक्टर से जाने प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के मंत्र

  • सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं - कलेक्टर श्री सुमन
  • उत्कृष्ट विद्यालय छिंदवाड़ा में 22 फरवरी को प्रातः 7 बजे से कलेक्टर खुद लेंगे "ज्ञानाश्रय" की पहली कक्षा

छिन्दवाड़ा। कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन के मार्गदर्शन में जिले के अधिकारियों, प्राध्यापकों और विषय विशेषज्ञों द्वारा जिले के युवाओं के समग्र विकास और उन्हें व्यापक ज्ञान से युक्त करने के लिए 'ज्ञानाश्रय' की शुरुआत सोमवार 22 फरवरी से की जा रही है। इस संबंध में जिले भर के महाविद्यालयों में स्नातक अंतिम वर्ष और स्नातकोत्तर में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन की उपस्थिति में एक वर्कशॉप इमलीखेड़ा नागपुर रोड स्थित एफ.डी.डी.आई. के सभाकक्ष में संपन्न हुई जिसमें जिले भर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और कलेक्टर श्री सुमन से सीधे चर्चा कर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के मंत्र जाने। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सुमन ने यू.पी.एस.सी. की तैयारी के दौरान के अपने अनुभव भी साझा किए और युवाओं को समग्र व्यक्तित्व विकास के महत्व के बारे में बताते हुए प्रतिदिन अपने व्यक्तिव में सकारात्मक बदलाव लाने की समझाईश भी दी।

कलेक्टर श्री सुमन ने कहा कि छिंदवाड़ा जिले के विद्यार्थियों में अखिल भारतीय सेवाओं में जाने की पूरी क्षमता है। विद्यार्थी अपनी इस क्षमता का उपयोग करें । सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन तत्पर है। उन्होंने कहा कि 'सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं' है। स्मार्ट वर्क जरूरी है, लेकिन हार्ड वर्क का कोई विकल्प नहीं है। अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप किसी भी एक प्रतियोगिता परीक्षा पर फोकस कर तैयारी करें । साथ ही अभ्यास के लिए अन्य परीक्षाएं भी देते रहें। परीक्षा में मीडियम का कोई फर्क नहीं होता, केवल क्वालिटी मटेरियल से ही अध्ययन करें। विद्यार्थियों के पास समय की कमी नहीं है, बस उस समय का सही विभाजन करते हुए स्व-प्रेरणा से अध्ययन कार्य करने पर निश्चित ही सफलता मिलती है। हम सभी को मिलकर जिले में  प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और कैरियर निर्माण की दिशा में एक माहौल तैयार करना है। जब आप सफल होंगे, तभी आपके आसपास के विद्यार्थी और अगली कक्षाओं के विद्यार्थी भी प्रेरित होकर सफलता का एक सिलसिला शुरू करेंगे। कलेक्टर श्री सुमन ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए हर एक प्रश्न का समाधान भी किया ।

सोमवार 22 फरवरी को कलेक्टर खुद लेंगे ज्ञानाश्रय की पहली कक्षा-ज्ञानाश्रय के अंतर्गत नि:शुल्क कक्षाएं 22 फरवरी सोमवार से प्रारंभ हो जाएंगी। यह कक्षाएं छिंदवाड़ा नगर के उत्कृष्ट विद्यालय में सोमवार से शनिवार तक प्रातः 7 से 10 बजे तक आयोजित की जाएंगी जिसमें 22 फरवरी को ज्ञानाश्रय की पहली कक्षा खुद कलेक्टर श्री सुमन द्वारा ली जाएगी । कलेक्टर श्री सुमन इस कक्षा में भारतीय संविधान के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी देंगे। इसके बाद कलेक्टर श्री सुमन द्वारा मंगलवार 23 फरवरी को भी जियोग्राफी की कक्षा ली जाएगी। इसी तरह आगामी दिवसों के विषय और शिक्षक निर्धारित किए गए हैं। विद्यार्थियों का अलग से एक व्हाट्सएप ग्रुप भी तैयार किया गया है जिसमें विभिन्न परीक्षाओं के सिलेबस और अन्य उपयोगी जानकारी साझा की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक लाइब्रेरी भी तैयार की जाएगी जिसमें सभी महत्वपूर्ण संदर्भ पुस्तकें कई प्रतियों में उपलब्ध कराई जाएंगी।

ज्ञानाश्रय की कक्षाएं वर्चुअल भी रहेंगी उपलब्ध, दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थी ना हों निराश-कलेक्टर श्री सुमन ने बताया कि स्थान की उपलब्धता और दूरस्थ अंचलों में निवासरत विद्यार्थियों के आवागमन की असुविधा को देखते हुए ज्ञानाश्रय की कक्षाएं वर्चुअली भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए एक यू-ट्यूब चैनल भी तैयार किया जा रहा है, इसलिए दूरस्थ अंचलों में निवासरत विद्यार्थी निराश ना हों, ज्ञानाश्रय का लाभ सभी विद्यार्थियों को मिलेगा।

वर्कशॉप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह नागेश, एस.डी.एम. अतुल सिंह और नायब तहसीलदार दीपक डकाते सहित जिले के अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विद्यार्थियों से महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई और कैरियर निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन किया गया। वर्कशॉप में प्रो.डॉ.पी.एन.सनेसर द्वारा यू.पी.एस.सी., एम.पी.पी.एस.सी., बैंकिंग सर्विसेज, एस.एस.सी. सहित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं के माध्यम में अंतर, सिलेबस, एग्जाम पैटर्न आदि के संबंध में विद्यार्थियों का उन्मुखीकरण किया गया। इस अवसर पर पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ.अमिताभ पांडेय, गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य श्रीमती कामना वर्मा, एस.डी.एम. परासिया मनोज कुमार प्रजापति व तहसीलदार छिंदवाड़ा अजय भूषण शुक्ला सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।